योगी सरकार 17-18 फरवरी को लखनऊ में करेगी एकल परिवर्तन कुंभ की मेजबानी

उत्तर प्रदेश सरकार राष्ट्रीय युवा महोत्सव और डिफेंस एक्सपो के सफल आयोजन के बाद अब लखनऊ में 17 से 18 फरवरी तक एकल परिवर्तन कुंभ कार्यक्रम की मेजबानी करने के लिए तैयार है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 17 फरवरी को कार्यक्रम का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। इस दौरान साध्वी ऋतंभरा भी उपस्थित रहेंगी। समापन समारोह के दौरान केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मौजूद रहेंगे। इस आयोजन में 2,50,000 से अधिक लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।
एकल अभियान ट्रस्ट बोर्ड के अध्यक्ष लक्ष्मी नारायण गोयल ने बताया, “17 और 18 फरवरी को डॉक्टर राम मनोहर लोहिया विधि विश्वविद्यालय के भीमराव अंबेडकर सभागार में एकल कुंभ कार्यक्रम का आयोजन होगा। इसमें देश के कई शिक्षाविदों के साथ स्वराज सैनिक (स्वतंत्रता सेनानी) शामिल होंगे। ”
बता दें कि पहला एकल विद्यालय झारखंड के एक आदिवासी क्षेत्र में खोला गया था। आज देशभर में करीब 1,20,000 एकल विद्यालय हैं, जिनमें से 22,000 सिर्फ उत्तर प्रदेश में हैं। एकल विद्यालय मुख्य रूप से आदिवासी और दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए बनाए गए हैं।
इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पिछड़े और वंचित समाज के बच्चों के बीच शिक्षा को बढ़ावा देना है। एक एकल विद्यालय में केवल एक शिक्षक होता है, जो सभी विषयों को पढ़ाता है। कार्यक्रम में वनवासियों और आदिवासी समाज के युवाओं को भी सम्मानित किया जाएगा।