मधुपाश में फँसकर महिला आईएसआई एजेंट को जानकारी देने वाले दो जवान हिरासत में
पाकिस्तान की महिला आईएसआई एजेंट के साथ मधुपाश में फँसकर महत्वपूर्ण जानकारियाँ साझा करने के आरोप में दो भारतीय सैनिकों को जोधपुर रेलवे स्टेशन से हिरासत में लिया गया है।
अधिकारियों के अनुसार, दोनों जवान पोखरण से अपने गाँव जा रहे थे, तभी खुफिया अधिकारियों ने उन्हें मंगलवार (5 नवंबर) को जोधपुर रेलवे स्टेशन से हिरासत में लिया। अधिकारियों ने इस बात की पुष्टि की है कि पाकिस्तान महिला के मधुपाश में फँसे जवान उसे महत्वपूर्ण जानकारियाँ भेज रहे थे। दोनों को जयपुर से जोधपुर ले जाया गया, जहाँ उनसे पूछताछ की जा रही है।
राजस्थान के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक उमेश मिश्रा ने कहा, “शुरुआती जाँच से साफ होता है कि दोनों सैनिकों को हनीट्रैप किया गया था। सूत्रों के अनुसार, दोनों वाट्सैप और फेसबुक के जरिए पाकिस्तान को महत्वपूर्ण जानकारियाँ भेज रहे थे।
एक आरोपी जवान मध्य प्रदेश का तो दूसरा असम का है। महिला पंजाबी लहजे में बात करती थी। उसने पाकिस्तान में रहते हुए भारतीय नंबर से जवानों को इंटरनेट कॉल यानी वीओआइपी (वाइस ऑन इंटरनेट प्रोटोकॉल) किया।
भारतीय महिला बनकर उसने राजस्थान में सेना की तैनाती, उपकरण और अन्य महत्वपूर्ण विवरणों की जानकारियाँ हासिल कर लीं। सूत्रों के अनुसार, दोनों जवानों की पहचान लांस नायक रवि वर्मा और विचित्रा बोहरा के रूप में हुई है।
उन्हें सीबीआई और आईबी की टीमों ने एक संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार किया। वे दोनों पोखरण में तैनात थे और उन्हें मंगलवार रात जोधपुर से जयपुर लाया गया।