प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अप्रत्यक्ष रूप से दुर्योधन कहा

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए अप्रत्यक्ष रूप से उनकी तुलना दुर्योधन से कर दी है। उधर, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने भी कहा, “कौन दुर्योधन है और कौन अर्जुन, यह 23 मई को साफ हो जाएगा।”
एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार, हरियाणा के अंबाला जिले में रैली को संबोधित करते हुए प्रियंका ने कहा, “चुनाव प्रचार में भाजपा कभी यह नहीं बताती कि उसने कितने वादे पूरे किए हैं। वो कभी शहीदों के नाम पर वोट माँगती है तो कभी उनका अपमान करती है। प्रधानमंत्री ने सभी की उम्मीदें पूरी तरह तोड़ दी हैं।”
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी पर अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा, “इतिहास गवाह है कि देश ने कभी अहँकार करने वाले को माफ नहीं किया है। महाभारत में भी जब श्रीकृष्ण दुर्योधन को समझाने गए थे तो उसने भगवान को ही बंदी बनाने की कोशिश की थी।” इसके बाद कांग्रेस महासचिव ने रामधारी सिंह दिनकर की कविता सुनाई।
#WATCH Priyanka Gandhi:Desh ne ahankaar ko kabhi maaf nahi kiya,aisa ahankaar Duryodhan mein bhi tha,jab Bhagwan Krishna unhe samjhane gaye to unko bhi Duryodhan ne bandhak banane ki koshish ki.Dinkar ji ki panktiyan hain,'Jab naash manuj par chaata hai,pehle vivek mar jata hai.. pic.twitter.com/lfMrgCEnHZ
— ANI (@ANI) May 7, 2019
प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, “लोकसभा चुनाव किसी एक परिवार के लिए नहीं हो रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने मेरे शहीद पिता का अपमान किया है। उन पर दिया गया बयान बिल्कुल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्हें जो बोलना है, वो सोच समझकर बोलें। वह प्रधानमंत्री हैं, उन पर ऐसे बयान शोभा नहीं देते हैं।”
प्रधानमंत्री मोदी ने एक रैली में राजीव गांधी को भ्रष्टाचारी नंबर वन बताया था। इस पर राहुल गांधी सहित तमाम कांग्रेसी नेताओं ने भाजपा की कड़ी आलोचना की थी।