भारतीय उच्चायोग की इफ्तार पार्टी में पाकिस्तान का बुरा बर्ताव, मेहमानों को धमकाया

पाकिस्तान अधिकारियों ने इस्लामाबाद में भारतीय उच्चायोग द्वारा आयोजित की गई इफ्तार पार्टी में शामिल होने वाले मेहमानों से बुरा बर्ताव किया। साथ ही उन्हें धमाकाते हुए वापस भी भेज दिया।
इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, यह पता चला है कि सेरेना होटल के गेट पर पाकिस्तानी अधिकारियों ने सैकड़ों मेहमानों से बुरा बर्ताव करते हुए वापस जाने को कहा था। उन्होंने होटल के अंदर प्रवेश न करने के लिए मुख्य द्वार बंद कर दिया था। उन्होंने मेहमानों से झूठ बोला कि आयोजन रद्द कर दिया गया है।
इससे पहले कई मेहमानों के पास धमकी भरे फोन भी आए थे। उनसे कहा गया था कि अगर वो आयोजन में शामिल होंगे तो उन्हें इसके गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। इस घटना की भारतीय उच्चायुक्त अजय बिसारिया ने निंदा की है। उन्होंने कार्यक्रम में शामिल होने वाले मेहमानों से किए गए बुरे बर्ताव पर माफी माँगी है।
उन्होंने कहा, “हम सभी उन मेहमानों से माँफी मांगते हैं, जिन्हें कल (एक जून) हमारी इफ्तार पार्टी से धमकाते हुए जबरदस्ती वापस भेज दिया गया। इस तरह के कृत्य बेहद निराशाजनक हैं। ऐसा करके उन्होंने न केवल कूटनीतिक आचारण बल्कि सभ्य व्यवहार के मानकों का उल्लंघन किया है। उनका यह व्यवहार द्विपक्षीय संबंधों को सामान्य बनाने की दिशा में उठाए जाने वाले कदमों के विपरीत है और उस पर असर डालने वाला है।”