मनोज सिन्हा ने ली केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के नए उपराज्यपाल के रूप में शपथ

पूर्व केंद्रीय मंत्री मनोज सिन्हा ने शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के नए उपराज्यपाल के रूप में शपथ ली। वह यहाँ के दूसरे उपराज्यपाल और पहले राजनीतिक व्यक्ति हैं।
हिंदुस्तान लाइव की रिपोर्ट के अनुसार, राजभवन में हुए एक संक्षिप्त कार्यक्रम में जम्मू-कश्मीर उच्च न्यायालय की मुख्य न्यायाधीश गीता मित्तल ने मनोज सिन्हा को शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में चुनिंदा अतिथि ही शामिल हुए।
Manoj Sinha takes oath as the new Lieutenant Governor of Jammu and Kashmir.
He succeeds Girish Chandra Murmu who has now been appointed as the new Comptroller & Auditor General of India (CAG). pic.twitter.com/vFPi6Xgn7O
— ANI (@ANI) August 7, 2020
इससे पूर्व, गिरीश चंद्र मुर्मू उपराज्यपाल थे, जिनके इस्तीफे के बाद यह पद खाली हुआ था। दरअसल, उन्हें अब भारत का नया नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) नियुक्त किया गया है।
बता दें कि मनोज सिन्हा पूर्वी उत्तर प्रदेश के पिछड़े गाँवों के विकास के लिए सक्रिय रूप से कार्य करते रहे हैं। उन्होंने अपना राजनीतिक करियर 1982 में काशी हिंदू विश्वविद्यालय के छात्र संघ का अध्यक्ष चुने जाने के साथ शुरू किया था। वह 1989 से 1996 तक भाजपा की राष्ट्रीय परिषद के सदस्य रहे।
मनोज सिन्हा तीन बार लोकसभा सदस्य रहे हैं। वह 1996 में पहली बार लोकसभा के लिए चुने गए और उन्होंने 1999 में दोबारा जीत हासिल की। 2014 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने तीसरी बार जीत दर्ज की।