कृषि कानून के विरोध में इंडिया गेट पर कांग्रेस ने जलाया ट्रैक्टर, भाजपा ने की निंदा

कृषि कानून के खिलाफ पंजाब यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सोमवार (28 सितंबर) सुबह इंडिया गेट पर प्रदर्शन किया। इसमें कुछ किसान भी शामिल बताए जा रहे हैं। उन्होंने शहीद भगत सिंह की तस्वीर लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही एक ट्रैक्टर में आग लगा दी। इस घटना की भाजपा ने निंदा की है।
दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली पुलिस ने पंजाब के रहने वाले पाँच लोगों को हिरासत में लिया है। इनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, सुबह 7 बजे के करीब प्रदर्शनकारी इंडिया गेट पर एकत्रित हुए और प्रदर्शन करने लगे। उन्होंने जैसे ही मौके पर पुलिस को देखा तो वे वहाँ से चले गए। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि नया कृषि कानून किसानों के खिलाफ है।
#WATCH: Punjab Youth Congress workers stage a protest against the farm laws near India Gate in Delhi. A tractor was also set ablaze. pic.twitter.com/iA5z6WLGXR
— ANI (@ANI) September 28, 2020
केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कहा, “कांग्रेस ने देश को शर्मसार किया है। आज तक जनता ने आंदोलन देखे लेकिन ट्रैक्टर लाकर इंडिया गेट के पास जलाना, कांग्रेस का नाटक है। भाजपा इसकी निंदा करती है।”
केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा, “कांग्रेस ने दिल्ली में अपना असली रंग दिखा दिया है। किसानों के नाम पर कुछ असामाजिक तत्व अराजकता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। वे किसानों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।”
बता दें कि राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने कृषि सुधार से जुड़े तीन विधेयकों को रविवार (27 सितंबर) रात स्वीकृति दे दी। इनमें कृषि उत्पादन व्यापार और वाणिज्य (संवर्धन और सुविधा) विधेयक, कृषि (सशक्तीकरण और संरक्षण) मूल्य आश्वासन और कृषि सेवा पर करार विधेयक और आवश्यक वस्तु (संशोधन) विधेयक शामिल हैं। इस संबंध में एक गजट अधिसूचना प्रकाशित की गई है।