उत्तरी कश्मीर- मस्जिद में नमाज़ियों की भीड़ का विरोध करने पर पुलिस पर पथराव

उत्तरी कश्मीर में लॉकडाउन का उल्लंघन करके लोग नमाज़ पढ़ने मस्जिद पहुँच गए। पुलिस ने ऐसे नमाज़ियों को मना किया तो उन लोगों ने पथराव शुरू कर दिया। हमले में छह पुलिसकर्मी घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
अमर उजाला की रिपोर्ट के अनुसार, बांदीपोरा जिले के सुंबल क्षेत्र के गानिस्टान में शुक्रवार को एक मस्जिद में नमाज़ पढ़ने के लिए 200 से अधिक लोग एकत्रित हो गए थे। जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुँच गई।
पुलिस को देखते ही लोग वहाँ से इधर-उधर भागने लगे। इस बीच कुछ लोगों ने पथराव शुरू कर दिए, जिसमें छह पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस का कहना है कि पथराव करने वालों को चिह्नित करके उनके खिलाफ जल्द कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि कोरोनावायरस की वजह से जम्मू-कश्मीर में अब तक पाँच लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में अब तक कुल 328 मामले आए हैं। इनमें से 281 सक्रिय हैं और 42 लोग स्वस्थ हो गए हैं।