100 करोड़ टीका खुराकें देकर भारत ने बनाया कीर्तिमान, 31 प्रतिशत पूर्ण टीकाकृत

भारत में तेज़ी से बढ़ते टीकाकरण अभियान के तहत कोविड-19 वैक्सीन खुराक गुरुवार को 100 करोड़ के कीर्तिमान को पार कर गई।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने एक ट्वीट में देश को 100 करोड़ टीका खुराकों की उपलब्धि प्राप्त करने पर बधाई दी और कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सक्षम नेतृत्व का परिणाम है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, भारत के सभी पात्र वयस्कों में लगभग 75 प्रतिशत को कम-से-कम पहली खुराक दे दी गई है और लगभग 31 प्रतिशत ने टीके की दोनों खुराक प्राप्त कर ली हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आँकड़ों के अनुसार, भारत को 10 करोड़ टीकाकरण के आँकड़े को छूने में 85 दिन, 20 करोड़ का आँकड़ा पार करने में 45 दिन और 30 करोड़ के आँकड़े तक पहुँचने में 29 दिन लगे।
देश को 30 करोड़ खुराकों से 40 करोड़ के आँकड़े तक पहुँचने में 24 दिन लगे और फिर 6 अगस्त को 50 करोड़ टीकाकरण के निशान को पार करने में 20 दिन और लगे।
सर्वाधिक खुराक देने वाले शीर्ष पाँच राज्यों में पहले नंबर पर उत्तर प्रदेश है। उसके बाद महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, गुजरात और मध्य प्रदेश हैं।
स्वास्थ्य देखभाल कर्मियों को पहले चरण में टीका लगाने के साथ देशव्यापी टीकाकरण अभियान 16 जनवरी से आरंभ हुआ था। अग्रिम पंक्ति के कर्मचारियों का टीकाकरण 2 फरवरी से आरंभ हुआ था।
टीकाकरण का अगला चरण 1 मार्च से 60 वर्ष से अधिक आयु के लोगों और 45 वर्ष व उससे अधिक आयु वाले गंभीर बीमारी से पीड़ित लोगों को टीका लगाने की शुरुआत हुई थी।
देश ने 1 अप्रैल से 45 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों के लिए टीकाकरण शुरू किया। सरकार ने तब 1 मई से 18 वर्ष से ऊपर के सभी लोगों को टीकाकरण की अनुमति देकर अपने टीकाकरण अभियान का विस्तार करने का निर्णय लिया।