भाजपा का घोषणा पत्र जारी- राष्ट्रीय सुरक्षा सर्वोपरि, किसानों के लिए विशेष प्रावधान

17वीं लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने अपना घोषणा पत्र सोमवार को जारी कर दिया। पार्टी ने घोषणा पत्र को संकल्प पत्र का नाम दिया है। हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली के भाजपा मुख्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, पार्टी अध्यक्ष अमित शाह और गृहमंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी में घोषणा पत्र जारी किया गया।
नरेंद्र मोदी ने कहा, “हमारे मन में साफ है एक लक्ष्य, एक नजरिया। सरकार की सबसे बड़ी कसौटी यह नहीं कि क्या दिया बल्कि यह है कि वो अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा या नहीं। हम आजादी के 75 साल में 75 लक्ष्य लेकर चल रहे हैं।”
अमित शाह ने कहा, “2014 का चुनाव आशाओं का था। अब अपेक्षाओं का चुनाव होने वाला है।”, राजनाथ सिंह ने कहा, “भारत के मन की बात संकल्प पत्र में रखी गई है। हमने छह करोड़ लोगों से अपने संकल्प पत्र को लेकर बात की है। हम नए भारत के निर्माण में इसे पेश कर रहे हैं।”
संकल्प पत्र की खास बातें-
- आतंकियों से निपटने के लिए सुरक्षा बलों के पास स्वतंत्र रूप से कार्रवाई का अधिकार रहेगा।
- कृषि क्षेत्र में उत्पादकता बढ़ाने के लिए 25 लाख करोड़ का निवेश।
- किसानों को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ।
- 60 की उम्र के बाद किसानों और छोटे दुकानदारों को पेंशन
- समान नागरिक संहिता पारित करने के साथ सांस्कृतिक पहचान को बरकरार रखने पर भी ध्यान
- 75 मेडिकल कॉलेज और विश्वविद्यालय खोले जाएँगे।
- जम्मू-कश्मीर से धारा 370 और 35 ए हटाई जाएँगी।
- किसान क्रेडिट कार्ट पर एक लाख का लोन पाँच साल तक ब्याज मुक्त।
- नागरिक संशोधन विधेयक पास करेंगे।
- 2022 तक सभी बच्चों और गर्भवतियों के लिए पूर्ण टीकाकरण।
- 50 शहरों में मज़बूत मेट्रो नेटवर्क।
- आतंकवाद और उग्रवाद पर जीरो टॉलरेंस नीति।
- 2025 तक पांच लाख करोड़ डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाना।
- लोकसभा, विधानसभा व स्थानीय निकाय चुनावों के एकसाथ करवाने के मुद्दे पर सर्वसम्मति बनाना।
- राम मंदिर पर सभी संभावनाओं को तलाशना।