जनसंख्या, जलशक्ति, पॉलिथीन को लेकर घर-घर जाकर जागरूकता फैलाएगी भाजपा

जनसंख्या नियंत्रण पर जागरूकता बढ़ाने के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केंद्रीय नेतृत्व ने सांसदों, विधायकों और राज्यों के साथ जिला पार्टी प्रमुखों से घर-घर जन-जागरण अभियान चलाने को कहा है।
यह अभियान भाजपा की गांधी संकल्प यात्रा के साथ आयोजित किया जाएगा, जो 31 अक्टूबर तक जारी रहेगा। इस कदम को इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि नरेंद्र मोदी सरकार जनसंख्या नियंत्रण कानून भी ला सकती है।
एक पत्र में भाजपा ने कहा, “73वें स्वतंत्रता दिवस के भाषण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुछ मुद्दों के बारे में बात की, जो देश के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। ये बिंदु गांधी की शिक्षाओं में पाए जा सकते हैं। भाजपा नेताओं को इन मुद्दों पर जनता से बात करनी चाहिए।”
इस अभियान के लिए भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह के नेतृत्व में 8 सदस्यीय टीम का गठन किया है। ये नेताओं को गाँवों का दौरा करने और जनसंख्या नियंत्रण के विभिन्न तरीकों से परिचित कराने के लिए कहेगी। साथ ही जनता को जनसंख्या विस्फोट के नकारात्मक प्रभावों की जानकारी देगी।
भाजपा ने नेताओं से जलशक्ति के बारे में भी बात करने को कहा है। पार्टी नेताओं को सूखे क्षेत्रों का दौरा करने और स्थानीय लोगों के साथ जल संकट व इसके समाधान के बारे में चर्चा करने के लिए कहा गया है।
जन जागरण कार्यक्रम के तहत चाय विक्रेताओं और दुकानदारों को पॉलिथीन बैग की बजाय कपड़े के थैले देने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। इसके अलावा, पार्टी के सदस्यों को एक सप्ताह में कम से कम 5 लोगों को सरकार की ई-गवर्नेंस पहल डिजिटल इंडिया के लाभों को बताने के लिए भी कहा गया है।