आदेश गुप्ता ने केजरीवाल सरकार के निर्णय के विरोध में किया प्रदर्शन, हिरासत में

दिल्ली मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के राजधानी से बाहर के लोगों का इलाज न करने के रविवार को लिए निर्णय के बाद उनके खिलाफ भाजपा ने मोर्चा खोल दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता के नेतृत्व में पार्टी के नेता व कार्यकर्ता राजघाट पहुँच गए और प्रदर्शन करने लगे। इसके बाद पुलिस ने आदेश गुप्ता समेत अन्य को हिरासत में ले लिया।
दैनिक जागरण की रिपोर्ट के अनुसार, आदेश गुप्ता और अन्य नेताओं को बस में बैठाकर राजेंद्र नगर पुलिस थाने ले जाया गया। केजरीवाल सरकार ने निर्णय लिया है कि कोरोनावायरस के बढ़ते मामलों की वजह से दिल्ली सरकार के अस्पतालों में बाहरी मरीजों का इलाज नहीं किया जाएगा। साथ ही विशेष स्थितियों को छोड़कर प्राइवेट भी बाहरी मरीजों का इलाज नहीं कर सकेंगे।
Delhi: Adesh Kumar Gupta Delhi BJP Chief and other party leaders detained by police, as they were holding a protest against Delhi Govt over its decision that hospitals in the national capital will be available for the people of Delhi only. pic.twitter.com/DQ404PQRP9
— ANI (@ANI) June 7, 2020
आप मुखिया के इस निर्णय का भाजपा ने कड़ा विरोध किया। इसी को लेकर आदेश गुप्ता प्रदर्शन करने राजघाट पहुँच गए। इससे पूर्व, भाजपा ने आरोप लगाया कि मरीजों के साथ मनमानी करने वाले अस्पतालों के खिलाफ दिल्ली सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। वह सिर्फ बयानबाजी में व्यस्त है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा था, “दिल्ली सरकार सिर्फ अपनी विफलता छिपाने के लिए केंद्र सरकार पर झूठे आरोप लगा रही है। मुख्यमंत्री केजरीवाल कुछ निजी अस्पतालों की अन्य राजनीतिक पार्टियों के साथ साठ-गांठ होने की बात कह रहे हैं। इसके विपरीत सच्चाई यह है कि आप नेताओं की मिलीभगत से निजी अस्पताल मनमानी कर रहे हैं।”